जौनपुर
श्रावण, कांवड़ यात्रा और चेहलुम को लेकर प्रशासन अलर्ट
डीएम की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक, सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था पर जोर
प्रमुख मंदिरों पर सीसीटीवी निगरानी, कांवड़ मार्गों पर हेल्थ बूथ और ट्रैफिक डायवर्जन की तैयारी
जौनपुर। आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा, नागपंचमी और चेहलुम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन, पुलिस और शांति समिति के सदस्यों के साथ त्योहारों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात, स्वच्छता तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने प्रमुख शिव मंदिरों पर सीसीटीवी निगरानी, 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालन, भीड़ प्रबंधन के लिए अलग प्रवेश-निकास मार्ग तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि कांवड़ मार्गों पर आवश्यकतानुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग को जिला अस्पताल, महिला अस्पताल और सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी-स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कांवड़ मार्गों पर हेल्थ बूथ स्थापित करने के निर्देश दिए गए। इन बूथों पर चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, ओआरएस और आवश्यक दवाएं उपलब्ध रहेंगी।
नगर निकायों और ग्राम पंचायतों को मंदिरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल और कांवड़ रखने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग को सड़कों की मरम्मत, बैरिकेडिंग और कतार प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि जलाशयों पर प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्र निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित होंगे तथा किसी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाहों और भड़काऊ पोस्टों की निगरानी के निर्देश देते हुए आमजन से शांति एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ठ, अपर जिलाधिकारी परमानंद झा, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, एसडीएम सदर योगिता, सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
