गाजीपुर
शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, 10 शिक्षकों को मिले प्रतीकात्मक कार्ड
पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर बोले— विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में शिक्षकों की भूमिका सबसे अहम, डीबीटी से छात्रों को मिली सहायता राशि
गाजीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वाराणसी से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ का बुधवार को जनपद गाजीपुर में भी सजीव प्रसारण किया गया। कलेक्ट्रेट स्थित रायफल क्लब सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।

शिक्षकों को मिले कैशलेस चिकित्सा कार्ड
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत जनपद के 10 शिक्षकों को प्रतीकात्मक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। योजना के अंतर्गत शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों तथा उनके आश्रितों को ₹5 लाख तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
‘शिक्षकों की स्वास्थ्य चिंता अब सरकार की जिम्मेदारी’
पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता हैं और उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना से शिक्षक अब इलाज की चिंता से मुक्त होकर पूरी निष्ठा के साथ विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में योगदान दे सकेंगे।

उन्होंने बताया कि जनपद में 8,242 शिक्षक, 2,471 शिक्षामित्र, 376 अनुदेशक तथा 6,675 रसोइये इस योजना से लाभान्वित होंगे।
विद्यार्थियों के खातों में पहुंची डीबीटी राशि
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेशभर के विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी के लिए ₹1200 प्रति छात्र डीबीटी के माध्यम से भेजी गई राशि का भी उल्लेख किया गया। अभिभावकों से इस धनराशि का उपयोग बच्चों की शैक्षिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए करने की अपील की गई।

नामांकन बढ़ाने वाले विद्यालयों का सम्मान
इस अवसर पर अधिक नामांकन करने वाले पांच विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अधिक नामांकन से ही शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने कहा कि सरकार ने शिक्षकों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित कर बड़ा कदम उठाया है। वहीं अधिकारियों ने शिक्षकों से योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राजन राय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा, उपजिलाधिकारी सदर, खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
