गोरखपुर
शराब की दुकान के पास से चोरी हुई बाइक के साथ आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर। हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के अनन्तपुर हरपुर चौराहे स्थित देशी शराब की दुकान के पास से बाइक चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार सहजनवां थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खिरीडांड़ निवासी जीतू पासवान पुत्र राम जीत पासवान टेंट हाउस का कारोबार करते हैं। 8 मई दिन शुक्रवार को वह अपने आदमियों को बुलाने के लिए सड़क किनारे अपनी बाइक यूपी 53 सी यू 8884 खड़ी कर शराब की दुकान के पास चले गए थे। जब वह अपने आदमियों को बुलाकर वापस लौटे तो उनकी बाइक वहां से गायब मिली।
इस मामले में जीतू पासवान की तहरीर पर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी की तलाश और सुरागरसी में जुट गई।
सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम पंचायत मझौरा निवासी अंगद चौहान पुत्र पुल्ली चौहान को उसके घर से चोरी की बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया। उपनिरीक्षक सूर्य कांत पंडित, कांस्टेबल गोरख यादव और मोहित कुमार ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
