वाराणसी
वीआईपी रूट से हटेंगे छुट्टा पशु, शहर के सौंदर्यीकरण पर नगर निगम का फोकस
महापौर करेंगे वार्डों का निरीक्षण, सेंट्रल कमांड से होगी निगरानी
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 28 अप्रैल को प्रस्तावित वाराणसी आगमन को देखते हुए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शहर को वीआईपी मूवमेंट के अनुरूप स्वच्छ, व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए निगम ने हाई अलर्ट जारी करते हुए सफाई, प्रकाश व्यवस्था और जन सुविधाओं को लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत आज से एक सप्ताह तक सभी वार्डों में महासफाई अभियान संचालित किया जाएगा, जिसकी निगरानी सेंट्रल कमांड के माध्यम से की जाएगी।
इसी क्रम में सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में बुधवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महापौर ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और वीआईपी आगमन के दौरान व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रहनी चाहिए।
महापौर ने निर्देश दिया कि सप्ताहभर चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान वह स्वयं प्रतिदिन सुबह 7:30 बजे से 9 बजे तक एक-एक वार्ड का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान संबंधित पार्षदों और विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी, ताकि सफाई व्यवस्था को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाया जा सके।
प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से जोनल अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़े सभी लंबित प्रकरणों का निस्तारण सात दिनों के भीतर विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत किया जाए। साथ ही शहर में संचालित सभी वॉटर एटीएम को सुचारु रूप से चलाने और स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी को वीआईपी रूट और प्रमुख मार्गों की नियमित धुलाई वाटर स्प्रिंकलर से कराने तथा कहीं भी कचरा जमा न रहने देने के निर्देश दिए गए हैं। जलकल विभाग को सख्त हिदायत दी गई है कि सड़कों पर कहीं भी सीवर ओवरफ्लो की स्थिति न बनने पाए और पेयजल व्यवस्था सुचारु बनी रहे। शहर के सौंदर्यीकरण के तहत मूर्तियों की नियमित सफाई, माल्यार्पण और प्रमुख चौराहों पर आकर्षक गमले लगाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।
शहर में छुट्टा पशुओं की समस्या से निपटने के लिए विशेष टीम गठित कर उन्हें प्रमुख मार्गों पर तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, अमित कुमार, विनोद कुमार गुप्ता, मुख्य अभियंता आरके सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसके चौधरी, जलकल विभाग के महाप्रबंधक अनूप सिंह सहित निगम और जलकल विभाग के सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
