राज्य-राजधानी
यूपी में संग्रहालय विकास को मिलेगा बढ़ावा, 17 नई परियोजनाएं प्रस्तावित
संग्रहालयों की स्थापना से युवा पीढ़ी अपनी गौरवशाली संस्कृति एवं ऐतिहासिक धरोहरों को देख सकेगी : जयवीर सिंह
लखनऊ। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए संस्कृति विभाग ने संग्रहालयों की स्थापना, विकास, उच्चीकरण, नवीनीकरण एवं क्यूरेशन कार्य से जुड़ी 17 नई परियोजनाएं प्रस्तावित की हैं। इन योजनाओं के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न जनपदों में संग्रहालयों की स्थापना, उन्नयन तथा क्यूरेशन संबंधी कार्य कराए जाएंगे। कुछ परियोजनाएं शासन स्तर पर विचाराधीन हैं, जिन पर शीघ्र निर्णय लिया जाएगा। संग्रहालयों के माध्यम से जनपदों की दुर्लभ एवं ऐतिहासिक वस्तुओं को संरक्षित एवं प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे नई पीढ़ी अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास से जुड़ सकेगी।
यह जानकारी उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि जनपद गोरखपुर में गौरव संग्रहालय के क्यूरेशन कार्य के लिए 2250 लाख रुपये की धनराशि प्रस्तावित की गई है। इसी प्रकार बाल संग्रहालय, कन्नौज की स्थापना एवं क्यूरेशन कार्य हेतु 1500 लाख रुपये, जनपद फर्रूखाबाद में संग्रहालय की स्थापना एवं क्यूरेशन कार्य के लिए 2450 लाख रुपये, जनपद कासगंज में पुरातत्व संग्रहालय की स्थापना के लिए 1682.58 लाख रुपये तथा जनपद झांसी के चिरगांव में राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त जी के संग्रहालय एवं पुस्तकालय की स्थापना के लिए 05 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं।
जयवीर सिंह ने बताया कि जनपद सोनभद्र में संग्रहालय की स्थापना के लिए 133.55 लाख रुपये की अनुमानित धनराशि निर्धारित की गई है। इसके अलावा नई मांग के माध्यम से राज्य संग्रहालय, लखनऊ के उच्चीकरण, नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य हेतु 150 करोड़ रुपये तथा राज्य संग्रहालय, मथुरा के उच्चीकरण, नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 100 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं। वहीं, जनपद चित्रकूट स्थित महर्षि वाल्मिकी आश्रम, लालापुर चित्रकूट के पर्यटन विकास के अंतर्गत संग्रहालय के क्यूरेशन कार्य के लिए 05 करोड़ रुपये तथा तहसील राजापुर के ग्राम पहाड़ी स्थित संत श्री तुलसीदास की जन्मस्थली तुलसीपीठ एवं राजापुर में तुलसी स्मारक के पर्यटन विकास एवं क्यूरेशन कार्य के लिए 05 करोड़ रुपये की धनराशि प्रस्तावित की गई है।
उन्होंने बताया कि हरिऔध कला केन्द्र, आजमगढ़ में संग्रहालय के अंतर्गत पुस्तकालय की स्थापना एवं क्यूरेशन कार्य के लिए 05 करोड़ रुपये, जनपद लखनऊ में गुरु गोविंद सिंह स्मृति संस्थान एवं ऐतिहासिक स्मारक (विरासत-ए-खालसा) के निर्माण हेतु 10 करोड़ रुपये तथा मानव संस्कृति विकास संग्रहालय के लिए 25 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त जनपद बलिया, अलीगढ़, सहारनपुर एवं बरेली में संग्रहालयों की स्थापना के संबंध में उच्च स्तर पर कार्यवाही जारी है। शीघ्र ही आवश्यक निर्णय लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।
