Connect with us

जौनपुर

यूनियन बैंक के ‘खेत बचाओ अभियान’ में किसान जागरूकता शिविर

Published

on

Loading...
Loading...

350 से अधिक किसानों की सहभागिता, ₹1.08 करोड़ से अधिक का केसीसी ऋण वितरित

भदोही। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत मंगलवार को विकास खंड ज्ञानपुर सभागार में विशाल किसान जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), कृषि ऋण तथा केंद्र सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना था।

350 से अधिक किसानों ने किया प्रतिभाग

शिविर का आयोजन यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के अंचल प्रमुख एवं क्षेत्र महाप्रबंधक टी. कामेश्वर राव तथा क्षेत्र प्रमुख एवं सहायक महाप्रबंधक शशिकांत प्रसाद के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में 350 से अधिक प्रगतिशील किसानों, स्वयं सहायता समूह की सखियों एवं दीदियों ने भाग लिया।

केसीसी और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की दी जानकारी

मुख्य अतिथि शशिकांत प्रसाद ने किसानों से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि आवश्यक दस्तावेजों के साथ निकटतम यूनियन बैंक शाखा में आवेदन कर इस सुविधा का लाभ लिया जा सकता है।

उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की भी जानकारी दी।

Advertisement

फसल बीमा और स्वरोजगार पर दिया गया मार्गदर्शन

विशिष्ट अतिथि जिला कृषि अधिकारी इरम ने किसानों को फसल बीमा के महत्व और कृषि जोखिमों से सुरक्षा के बारे में जानकारी दी।

अग्रणी जिला प्रबंधक अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार चौपाल और जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

वहीं, आरसेटी के निदेशक भारद्वाज उपाध्याय ने युवाओं और महिलाओं को निःशुल्क रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण लेकर स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया।

20 से अधिक किसानों को मिला केसीसी ऋण

शिविर के दौरान 20 से अधिक किसानों एवं स्वयं सहायता समूह की सखियों को ₹1.08 करोड़ से अधिक का किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण वितरित किया गया।

कार्यक्रम में अजय कुमार, विनीत कुमार, राजकुमार, राजेश, कैलाश, जयप्रकाश, नीता सहित बैंक के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Advertisement

कार्यक्रम के अंत में किसानों ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की इस पहल की सराहना करते हुए कृषि एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का संकल्प लिया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page