Connect with us

वाराणसी

मुठभेड़ में घायल हुआ चेन लूट का आरोपी, तमंचा और बाइक बरामद

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और चेन स्नैचर के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, लूट के रुपये और घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे बाइक बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा अपनी टीम के साथ रिंग रोड सिंधौरा-चांदमारी अंडरपास के पास संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की टीवीएस अपाचे बाइक पर सवार एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। घेराबंदी के दौरान बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद बदमाश ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल की पहचान बादल साहनी पुत्र अनिल साहनी निवासी किरहिया थाना भेलूपुर वाराणसी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा .15 बोर, एक फायरशुदा खोखा, एक जिंदा कारतूस, 3630 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पूछताछ में बादल साहनी ने बताया कि उसने अपने साथी अमन यादव के साथ 30 अप्रैल 2026 को शिवपुर स्थित विश्वनाथपुरी कॉलोनी में एक महिला के गले से चेन लूटी थी। घटना के बाद दोनों सेंट्रल जेल रोड की तरफ फरार हो गए थे। आरोपी ने बताया कि लूटी गई चेन को ज्वैलर्स के यहां बेच दिया गया था और हिस्से में मिले पैसों में से कुछ रकम नशे में खर्च कर दी गई। उसने यह भी स्वीकार किया कि वारदात के दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक का इस्तेमाल किया जाता था और दोनों फिर से लूट की योजना बना रहे थे।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 0196/2026 में धारा 309(4), 317(2), 109(1) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। घायल बदमाश को उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय भेजा गया।

Advertisement

मुठभेड़ और गिरफ्तारी की कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा के साथ उपनिरीक्षक प्रवीण सचान, अनिकेत श्रीवास्तव, गौरव सिंह और विद्यासागर समेत पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने मौके से फायरिंग से जुड़े साक्ष्य एकत्र कर फील्ड यूनिट की मदद से जांच शुरू कर दी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page