बलिया
महिला बास्केटबॉल और हैंडबॉल खिलाड़ियों के लिए मौका
20 जुलाई को होगा चयन ट्रायल
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए बलिया की टीम का होगा चयन, 25 वर्ष से कम आयु की खिलाड़ी ले सकेंगी हिस्सा
बलिया। खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय महिला बास्केटबॉल एवं हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल का आयोजन 20 जुलाई 2026 को किया जाएगा।
खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आगामी 27 से 29 जुलाई 2026 तक क्षेत्रीय खेल कार्यालय, अयोध्या में राज्य स्तरीय महिला बास्केटबॉल एवं हैंडबॉल प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें आजमगढ़ मंडल की टीम की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बलिया जनपद का चयन ट्रायल कराया जा रहा है।
जिला क्रीड़ाधिकारी जवाहर लाल यादव ने बताया कि जिला स्तरीय चयन ट्रायल 20 जुलाई को सुबह 10 बजे से वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम, बलिया में आयोजित किया जाएगा। इसमें केवल बलिया जनपद की महिला खिलाड़ी ही प्रतिभाग कर सकेंगी।
उन्होंने बताया कि चयन में शामिल होने के लिए खिलाड़ियों की आयु 31 दिसंबर 2025 को 25 वर्ष से कम होनी चाहिए। जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाली चयनित खिलाड़ियों को 22 जुलाई 2026 को सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम, आजमगढ़ में आयोजित मंडलीय चयन ट्रायल में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
मंडलीय स्तर पर चयनित टीम अयोध्या में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में आजमगढ़ मंडल का प्रतिनिधित्व करेगी।
जिला क्रीड़ाधिकारी ने इच्छुक महिला खिलाड़ियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर अपने मूल अभिलेखों के साथ स्टेडियम पहुंचकर चयन ट्रायल में प्रतिभाग करें। प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए खिलाड़ी किसी भी कार्यदिवस में जिला खेल कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
