बलिया
मकान निर्माण के दौरान राज मिस्त्री की गिरकर मौत
परिवार में मचा कोहराम
कुल्हड़ियां गांव में दीवार जोड़ते समय 7-8 फीट ऊंचाई से गिरे 60 वर्षीय मिस्त्री, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
नरही (बलिया)। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा कुल्हड़ियां में शुक्रवार सुबह मकान निर्माण के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 60 वर्षीय राज मिस्त्री की ऊंचाई से गिरने के कारण मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, गड़वार थाना क्षेत्र के ग्राम बंगला (पोस्ट रतसड़) निवासी विजेंद्र चौहान (60) कुल्हड़ियां गांव निवासी योगेंद्र यादव के यहां मकान निर्माण कार्य में मुख्य राज मिस्त्री के रूप में कार्य कर रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे वह जमीन से लगभग 7-8 फीट ऊंचाई पर पायड़ (मचान) पर खड़े होकर दीवार की जुड़ाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सीधे जमीन पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद वहां मौजूद मजदूरों ने तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नरही पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना पर पहुंची नरही थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
