बलिया
प्राचीन सितुया पोखरा पर अतिक्रमण की कोशिश नाकाम
प्रशासन ने रुकवाया मिट्टी भराई का कार्य
स्थानीय लोगों की शिकायत पर हरकत में आया प्रशासन, एसडीएम के निर्देश पर हटाई गई डाली गई मिट्टी
चितबड़ागांव (बलिया)। नगर पंचायत के वार्ड संख्या-4 मालवीय नगर स्थित प्राचीन सितुया पोखरा पर कथित अतिक्रमण और अवैध मिट्टी भराई का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पोखरे में चल रहे मिट्टी भराई के कार्य को रुकवा दिया और मौके पर डाली गई मिट्टी को हटवा दिया।
जानकारी के अनुसार, पोखरे में ट्रैक्टर-ट्रॉली और जेसीबी मशीन की मदद से मिट्टी डाली जा रही थी। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि अवैध प्लाटिंग के उद्देश्य से वर्षों पुराने इस जलस्रोत को पाटने का प्रयास किया जा रहा था। लोगों का कहना है कि यदि पोखरे का अस्तित्व समाप्त हुआ तो क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होगी और पर्यावरणीय संतुलन पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पोखरे की विधिवत पैमाइश कराने तथा अतिक्रमण के प्रयास में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामले की जानकारी मिलने पर उपजिलाधिकारी सदर अभिनेन्द्र सिंह के निर्देश पर क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर भेजा गया। प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से मिट्टी भराई का कार्य रुकवाते हुए जेसीबी मशीन से पोखरे में डाली गई मिट्टी हटवा दी।
एसडीएम अभिनेन्द्र सिंह ने कहा कि सार्वजनिक जलस्रोतों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि दोबारा अतिक्रमण या अवैध मिट्टी भराई का प्रयास किया गया तो संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
