बलिया
भामाशाह जयंती पर व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन
जिले के 10 प्रमुख करदाताओं को मिला ‘भामाशाह सम्मान’
बलिया। दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर विकास भवन सभागार में राज्य कर विभाग की ओर से ‘व्यापारी कल्याण दिवस’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के परिवहन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने की। दीप प्रज्ज्वलन एवं भामाशाह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
भामाशाह के जीवन और योगदान को किया गया याद
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ दानवीर भामाशाह के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्रसेवा में उनके योगदान पर आधारित लघु फिल्म और चित्रों का प्रदर्शन किया गया। वक्ताओं ने उनके त्याग, राष्ट्रभक्ति और समाजसेवा को प्रेरणादायी बताया।
10 प्रमुख करदाताओं को मिला ‘भामाशाह सम्मान’
मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने जनपद के 10 प्रमुख करदाताओं को ‘भामाशाह सम्मान’ से सम्मानित किया। इसके अलावा नए उद्यमियों और अन्य करदाताओं को भी सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की।
ओडीओपी और विभागीय प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) योजना के तहत बलिया के उद्यमियों ने सत्तू** और बिंदी के आकर्षक स्टॉल लगाए। वहीं, खादी ग्रामोद्योग विभाग और सूचना विभाग ने भी प्रदर्शनी लगाकर विभागीय योजनाओं एवं उत्पादों की जानकारी दी।
करदाताओं को योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम का संचालन करते हुए डिप्टी कमिश्नर (राज्य कर) बजरंगी यादव ने विभाग की कार्यप्रणाली, करदाताओं के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं तथा व्यापारिक हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
बड़ी संख्या में व्यापारी और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जनपद के सहायक आयुक्त, राज्य कर अधिकारी, विभागीय कर्मचारी, व्यापारी, विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में उद्यमियों ने भाग लिया। सभी के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
