आजमगढ़
भाजपा के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय का आजमगढ़ में भव्य स्वागत
कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का किया आह्वान
हरिऔध कला केंद्र में आयोजित अभिनंदन समारोह में उमड़ी कार्यकर्ताओं की भीड़
आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त गोरखपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के प्रथम आजमगढ़ आगमन पर सोमवार को कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। हरिऔध कला केंद्र में आयोजित अभिनंदन समारोह में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने की।
जगह-जगह हुआ स्वागत
गोरखपुर से आजमगढ़ पहुंचने के दौरान महुला बाजार, कांखभार, लाटघाट, रजादेपुर, जीयनपुर, अंजान शहीद, बनकट, शिवालिक हॉस्पिटल, हाफिजपुर, जुनेदगंज, भवरनाथ, करतालपुर, पन्ना टावर, बवाली मोड़ और भाजपा कार्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और जयघोष के साथ उनका स्वागत किया। हरिऔध कला केंद्र में भी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक उनका अभिनंदन किया।
संगठन की मजबूती पर दिया जोर
अपने संबोधन में क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी पूंजी है और संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों और संगठनात्मक कार्यक्रमों में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान
विनोद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने कहा कि विनोद राय के नेतृत्व में गोरखपुर क्षेत्र में संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। इस अवसर पर पूर्व सांसद डॉ. संतोष कुमार सिंह, घनश्याम पटेल, देवेंद्र सिंह, हरेंद्र सिंह, अखिलेश कुमार मिश्रा ‘गुड्डू’, जयनाथ सिंह, सच्चिदानंद सिंह, हवलदार सिंह, अरविंद जायसवाल, मंजू सरोज, वंदना सिंह, श्रीकृष्ण पाल, प्रेम प्रकाश राय, ऋषिकांत राय, कल्पनाथ पासवान, रामदर्शन यादव, माला द्विवेदी, ऋषिकेश दूबे, पवन सिंह ‘मुन्ना’, अवनीश मिश्रा, आनंद सिंह, विवेक निषाद, सत्येंद्र राय, जितेंद्र राय, हेमेंद्र सिंह, अवनीश चतुर्वेदी, मृगांक शेखर सिन्हा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
