आजमगढ़
टेलीग्राम पर ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर ठगी करने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार
आजमगढ़ साइबर थाना पुलिस की कार्रवाई, मोबाइल व नकदी बरामद
विभिन्न राज्यों में दर्ज हैं कई शिकायतें, करोड़ों रुपये की साइबर ठगी से जुड़ाव की जांच
आजमगढ़। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने टेलीग्राम के माध्यम से ऑनलाइन गेमिंग और गिफ्ट कोड का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,800 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
टेलीग्राम चैनलों के जरिए देता था लालच
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में साइबर थाना पुलिस ने प्रतिबिंब पोर्टल से प्राप्त शिकायतों की जांच के दौरान पवई थाना क्षेत्र के खुरचंदा निवासी स्वप्निल को पूछताछ के लिए बुलाया। मोबाइल फोन के विश्लेषण और पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने सहयोगी राजशिखर सिंह उर्फ राजा टीजी के साथ मिलकर टेलीग्राम पर कई चैनल और ग्रुप संचालित करता था।
इन ग्रुपों में कैसिनो, रम्मी और लॉटरी गेम में गिफ्ट कोड व रेफरल कोड के जरिए अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा दिया जाता था। लोगों से पैसे जमा कराने के बाद उनकी टेलीग्राम आईडी ब्लॉक कर दी जाती थी और रकम हड़प ली जाती थी।
कई राज्यों से दर्ज हैं शिकायतें
जांच में पता चला कि आरोपी के विभिन्न बैंक खातों पर अलग-अलग राज्यों से कई एनसीआरपी (NCRP) शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी के एक खाते से जुड़ी मुरादाबाद की शिकायत करीब 49.04 लाख रुपये की साइबर ठगी से संबंधित है। इसके अलावा अन्य बैंक खातों पर भी कई शिकायतें दर्ज मिली हैं।
डिजिटल साक्ष्य मिले
पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से ग्राहकों के साथ हुई चैट, गिफ्ट कोड, रेफरल कोड और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य प्राप्त हुए हैं। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
एक आरोपी अभी फरार
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी स्वप्निल के विरुद्ध बीएनएस की धारा 318(4), 319(2), 317(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66C एवं 66D के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में उसका सहयोगी राजशिखर सिंह उर्फ राजा टीजी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस टीम को मिली सफलता
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह, महिला निरीक्षक विभा पाण्डेय, उपनिरीक्षक रजत सिंह, कांस्टेबल आलोक कुमार, एजाज खान एवं महिपाल यादव सहित साइबर थाना आजमगढ़ की टीम शामिल रही।
