भदोही
भदोही पुलिस की तत्परता से साइबर ठगी के शिकार तीन लोगों को मिले 20 हजार रुपये वापस
गोपीगंज और औराई साइबर हेल्पडेस्क की कार्रवाई, फोन-पे और मीशो ऐप से जुड़ी ठगी के मामलों में मिली राहत
भदोही, 27 अक्टूबर। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भदोही पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में ठगी के शिकार लोगों के खातों में कुल 20 हजार रुपये वापस कराए हैं। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में थाना गोपीगंज और थाना औराई की साइबर हेल्पडेस्क टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को राहत दिलाई। खातों में धनराशि वापस मिलने पर पीड़ितों ने पुलिस के प्रति आभार जताया।

फोन-पे से ठगी के 2,560 रुपये वापस
पहले मामले में गोपीगंज थाना क्षेत्र के रैपुरी निवासी अमित विश्वकर्मा के साथ फोन-पे के माध्यम से 2,560 रुपये की साइबर ठगी हुई थी। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद गोपीगंज साइबर हेल्पडेस्क ने कार्रवाई करते हुए पूरी धनराशि उनके खाते में वापस कराई।
दूसरे मामले में 15,440 रुपये लौटाए
दूसरे मामले में औराई थाना क्षेत्र के महाराजगंज निवासी आशुतोष के साथ अज्ञात व्यक्ति ने 15,440 रुपये की धोखाधड़ी की थी। पीड़ित की शिकायत पर औराई साइबर हेल्पडेस्क ने त्वरित कार्रवाई की और ठगी गई पूरी रकम वापस कराने में सफलता हासिल की।
गूगल पर नंबर खोजना पड़ा महंगा, 2 हजार रुपये वापस
तीसरे मामले में औराई थाना क्षेत्र की एक महिला के साथ मीशो ऐप पर शिकायत दर्ज कराने के लिए गूगल से संपर्क नंबर खोजने के दौरान 2,000 रुपये की साइबर ठगी हुई थी। शिकायत मिलने पर औराई साइबर हेल्पडेस्क ने कार्रवाई करते हुए पूरी धनराशि महिला के खाते में वापस कराई।
साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर साइबर अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में ऐप डाउनलोड न करें और अज्ञात नंबरों से भेजे गए लिंक पर क्लिक करने से बचें।
पुलिस ने वर्क फ्रॉम होम और शेयर ट्रेडिंग से जुड़े प्रस्तावों में पूरी जानकारी जुटाने के बाद ही आगे बढ़ने की सलाह दी है। किसी अनजान व्यक्ति द्वारा पैसे मांगे जाने पर उसकी पहचान और मांग की सत्यता की जांच अवश्य करें।
साइबर हेल्पडेस्क टीम की रही भूमिका
गोपीगंज साइबर हेल्पडेस्क की टीम में प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय, कांस्टेबल सुनील वर्मा और महिला कांस्टेबल रति त्रिवेदी शामिल रहे। वहीं, औराई साइबर हेल्पडेस्क की टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह, कांस्टेबल शुभम कुशवाहा और महिला कांस्टेबल मोहिनी केसरवानी ने कार्रवाई में योगदान दिया।
