वाराणसी
बीएचयू में विद्युत बस सेवा को लेकर छात्रों ने उठाए सवाल, कुलसचिव को सौंपा ज्ञापन
सुरक्षा मानकों, पारदर्शिता और छात्र हितों को लेकर मांगी जानकारी
छात्रों और कर्मचारियों के लिए बस सेवा निःशुल्क करने की उठाई मांग
वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय परिसर में परिवहन विभाग द्वारा संचालित की जा रही विद्युत बस सेवा को लेकर छात्र नेता आशुतोष सिंह “यीशु” के नेतृत्व में छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कुलसचिव राजन श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से छात्रों ने बस सेवा से जुड़े सुरक्षा मानकों, पारदर्शिता और छात्र हितों से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रश्न उठाए।
छात्रों ने कहा कि पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था का स्वागत किया जाना चाहिए, लेकिन इसके साथ सुरक्षा, जवाबदेही और विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गरिमा को भी प्राथमिकता मिलनी चाहिए। ज्ञापन में वर्ष 2013 में परिसर में हुई बस दुर्घटना का उल्लेख करते हुए नई बस सेवा के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों को सार्वजनिक करने की मांग की गई।
निःशुल्क बस सेवा की मांग
ज्ञापन में विश्वविद्यालय पहचान पत्र धारक छात्रों एवं कर्मचारियों के लिए विद्युत बस सेवा निःशुल्क किए जाने की मांग भी उठाई गई। छात्रों का कहना था कि जब परिसर में पहले से परिवहन सुविधाएं उपलब्ध हैं, तो किराया आधारित नई व्यवस्था कई सवाल खड़े करती है।
सुरक्षा और जवाबदेही पर जोर
वरिष्ठ छात्र नेता आशुतोष सिंह “यीशु” ने कहा कि वे पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक सुविधाओं के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विश्वविद्यालय में लागू होने वाली प्रत्येक व्यवस्था को छात्र हित, सुरक्षा और पारदर्शिता के मानकों पर खरा उतरना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि यह सेवा वास्तव में विश्वविद्यालय परिवार की सुविधा के लिए शुरू की गई है, तो छात्रों और कर्मचारियों से किराया लेना उचित नहीं है।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि विश्वविद्यालय प्रशासन अपनी आधिकारिक गाड़ियों को चरणबद्ध तरीके से विद्युत वाहनों में परिवर्तित कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उदाहरण प्रस्तुत करे।
प्रशासन से मांगी स्पष्ट जानकारी
छात्रों ने ज्ञापन के माध्यम से बस संचालन से जुड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल, जवाबदेही की व्यवस्था तथा सेवा संचालित करने वाली बाहरी एजेंसी की भूमिका को सार्वजनिक करने की मांग की, ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न बने।
ज्ञापन सौंपने के दौरान केतन माधव, धीरज सिंह, संतोष त्रिपाठी, छोटू, मयंक प्रताप सहित कई छात्र मौजूद रहे।
