बलिया
बांसडीह रोड रेलवे स्टेशन के पास अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी
वाराणसी-छपरा रेलखंड पर पुराने रेलवे क्रॉसिंग के पास मिला शव, शिनाख्त में जुटी जीआरपी और स्थानीय पुलिस
प्रथम दृष्टया भिखारी होने की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा**
बांसडीह रोड (बलिया)। वाराणसी-छपरा रेलखंड पर स्थित बांसडीह रोड रेलवे स्टेशन के समीप बुधवार देर शाम एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पुराने फाइव स्पेशल रेलवे क्रॉसिंग के पास रेलवे लाइन किनारे पड़ा मिला। सूचना मिलने पर जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों ने रेलवे लाइन के किनारे शव पड़े होने की सूचना स्टेशन अधीक्षक को दी। इसके बाद जीआरपी और स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों तथा आसपास के ग्रामीणों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
पुलिस अब आसपास के थानों से संपर्क करने के साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
जीआरपी थाना प्रभारी राजकपूर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक की उम्र लगभग 28 वर्ष प्रतीत हो रही है और वह भिखारी जैसा लग रहा है। युवक साधारण पैंट-शर्ट पहने हुए था। उन्होंने बताया कि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी और मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
