वाराणसी
बजड़े पर बीयर पीना पड़ा भारी, वायरल वीडियो से आरोपी युवक गिरफ्तार
वाराणसी। गंगा में बजड़े पर बैठकर बीयर पीते एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो के आधार पर युवक की पहचान कर मंगलवार सुबह अस्सी घाट क्षेत्र से उसे पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अर्जुन राजभर (25 वर्ष) निवासी नगवां, नाव डेकोरेटर के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने साथियों के साथ अस्सी से मिर्जापुर की ओर गया था। पूछताछ में उसने बताया कि वह शाम को निकला था और रात में अदलहाट पहुंचा।
मामले में डीसीपी काशी गौरव बंसवाल और एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के निर्देशन में कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, शीतला घाट से अदलहाट स्थित शीतला माता मंदिर की ओर नाव से जाते समय डीजे बजाने और बीयर पीने का वीडियो काफी वायरल हुआ था, जिसके बाद जांच शुरू की गई। एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि मांझी समाज द्वारा हर वर्ष शीतला घाट से अदलहाट स्थित शीतला माता मंदिर में पूजा के लिए नावों से यात्रा की जाती है, जिसमें विभिन्न जिलों के नाविक शामिल होते हैं।
जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम लगभग 5:30 बजे शीतला घाट से नाविकों का जत्था अदलहाट के लिए रवाना हुआ था और सोमवार देर शाम तक उनके वाराणसी लौटने की जानकारी है। वायरल हुए तीन वीडियो में दो दिन के समय के बताए गए हैं, जिनमें नाव पर डीजे बजता दिख रहा है, जबकि एक वीडियो देर शाम का है, जिसमें एक युवक बीयर पीते हुए नजर आया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित वीडियो मिर्जापुर सीमा क्षेत्र का हो सकता है। हालांकि भेलूपुर और दशाश्वमेध सर्किल में अन्य नाविकों से पहचान कराए जाने पर किसी ने युवक की पहचान नहीं की।
इस बीच नाविक प्रेम साहनी की शिकायत के आधार पर भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। आरोपी युवक की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
