Connect with us

वाराणसी

प्रधानमंत्री मोदी कल करेंगे चार वंदे भारत ट्रेनों का शुभारंभ, यूपी को मिलेंगी दो नई सेवाएं

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से देश में चार नई रूटों पर वंदे भारत ट्रेन की सेवा की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। देश के आधुनिक रेल बुनियादी ढांचे को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 नवंबर को सुबह लगभग 8:15 बजे चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। यह अवसर देश की तेज, सुरक्षित और विश्वस्तरीय रेल सेवाओं के विस्तार में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा। इन चार नई ट्रेनों में से दो ट्रेनें उत्तर प्रदेश को मिलेंगी।

प्रधानमंत्री मोदी जिन चार वंदे भारत ट्रेनों का शुभारंभ करेंगे, उनमें बनारस–खजुराहो, लखनऊ–सहारनपुर, फिरोजपुर–दिल्ली, और एर्नाकुलम–बेंगलुरु मार्ग शामिल हैं। इन ट्रेनों के संचालन से यात्रा और व्यापारिक कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार होगा। रेल मंत्रालय के अनुसार, नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों से यात्रियों को तेज, आरामदायक और आधुनिक सुविधाओं से लैस यात्रा का अनुभव प्राप्त होगा।

बनारस–खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस

बनारस–खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को जोड़ेगी। यह वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट और खजुराहो के बीच सीधा संपर्क स्थापित करेगी। वर्तमान में इस मार्ग पर चल रही विशेष ट्रेनों की तुलना में यह ट्रेन लगभग 2 घंटे 40 मिनट का समय बचाएगी। इससे तीर्थयात्रियों की यात्रा सुविधाजनक होगी और खजुराहो जैसे यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल तक पहुंच आसान बनेगी। यह ट्रेन गुरुवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन संचालित होगी।

Advertisement

बनारस–खजुराहो वंदे भारत की समय सारिणी घोषित

बनारस से खजुराहो के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस की समय सारिणी जारी कर दी गई है। ट्रेन बनारस स्टेशन से सुबह 5:25 बजे खुलेगी और वाराणसी स्टेशन पर 5:35 बजे, विंध्याचल 6:55 बजे, प्रयागराज छिवकी 8:00 बजे, चित्रकूट धाम 10:05 बजे, बांदा 11:08 बजे, तथा महोबा 12:08 बजे पहुंचेगी। इसके बाद यह ट्रेन दोपहर 1:10 बजे खजुराहो पहुंचेगी।

वापसी यात्रा में खजुराहो से ट्रेन दोपहर 3:20 बजे प्रस्थान करेगी। यह महोबा 4:10 बजे, बांदा 5:13 बजे, चित्रकूट धाम 6:13 बजे, प्रयागराज छिवकी 8:20 बजे रात, विंध्याचल 9:10 बजे रात, वाराणसी 10:45 बजे रात होते हुए 11:00 बजे रात बनारस स्टेशन पहुंचेगी।

लखनऊ–सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस

लखनऊ–सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस लगभग 7 घंटे 45 मिनट में यात्रा पूरी करेगी। इस रूट की अन्य ट्रेनों की तुलना में यात्रियों का लगभग 1 घंटे का समय बचेगा। इस ट्रेन से लखनऊ, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, बिजनौर और सहारनपुर के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके साथ ही रुड़की और हरिद्वार जैसे धार्मिक स्थलों तक पहुंच और अधिक तेज व सुविधाजनक होगी। यह सेवा मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की क्षेत्रीय गतिशीलता और औद्योगिक विकास को भी नई गति देगी।

Advertisement

लखनऊ–सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस की समय सारिणी जारी

लखनऊ–सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 26503/26504) की समय सारिणी रेलवे ने जारी कर दी है। यह ट्रेन सोमवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन संचालित होगी।

सहारनपुर–लखनऊ वंदे भारत (ट्रेन संख्या 26503) दोपहर 3:00 बजे सहारनपुर से प्रस्थान करेगी। यह रुड़की 3:45 बजे, नजीबाबाद 4:40 बजे, मुरादाबाद 6:10 बजे, बरेली 7:33 बजे, शाहजहांपुर 8:38 बजे, और सीतापुर 9:50 बजे पहुंचेगी। ट्रेन रात 11:00 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी।

वहीं लखनऊ–सहारनपुर वंदे भारत (ट्रेन संख्या 26504) सुबह 5:00 बजे लखनऊ जंक्शन से खुलेगी। इसके बाद यह सीतापुर 5:55 बजे, शाहजहांपुर 7:10 बजे, बरेली 8:08 बजे, मुरादाबाद 9:27 बजे, नजीबाबाद 10:45 बजे, रुड़की 11:40 बजे पहुंचेगी और दोपहर 12:45 बजे सहारनपुर पहुंचेगी।

Advertisement

वंदे भारत मिशन को नई गति

इन चार ट्रेनों की शुरुआत से रेलवे के वंदे भारत मिशन को नई दिशा और गति मिलेगी। यह प्रधानमंत्री मोदी के उस विजन का हिस्सा है, जिसके तहत देश के रेल नेटवर्क को आधुनिक, पर्यावरण-अनुकूल और वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सभी नई वंदे भारत ट्रेनों में अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’, ऑटोमेटिक दरवाजे, बेहतर सस्पेंशन सिस्टम, वाई-फाई, जीपीएस आधारित सूचना डिस्प्ले और ऊर्जा-संरक्षण तकनीक जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी।

इन ट्रेनों के शुभारंभ के साथ भारतीय रेल यात्रियों को और तेज, सुरक्षित तथा आरामदायक सफर का अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page