गाजीपुर
पूर्वांचल विश्वविद्यालय में मनोविज्ञान अध्ययन परिषद का गठन, डॉ. मनोज कुमार सिंह बने संयोजक
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कुलपति एवं वैज्ञानिक प्रो. वंदना सिंह के आदेश पर विश्वविद्यालय की मनोविज्ञान अध्ययन परिषद (Board of Studies of Psychology) का नवीन गठन किया गया है। इस परिषद का संयोजक पी.जी. कॉलेज, गाजीपुर के मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार सिंह को नियुक्त किया गया है।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, परिषद में बाह्य सदस्य के रूप में प्रो. संदीप कुमार, प्रोफेसर एवं चेयरपर्सन (प्लेसमेंट सेल, पीएमआईआर), बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, तथा दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. धनंजय कुमार को नामित किया गया है।
वहीं, अध्ययन परिषद में आंतरिक सदस्य के रूप में डॉ. रविशंकर वर्मा, डॉ. अनीता सिंह, डॉ. दया सिंधु तथा डॉ. आनंद कुमार श्रीवास्तव को शामिल किया गया है।
नवनियुक्त संयोजक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने कहा कि अध्ययन परिषद विश्वविद्यालय के अधिनियम, अध्यादेश एवं परिनियमों के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करेगी। इसके साथ ही मनोविज्ञान विषय के पाठ्यक्रम को समयानुकूल, व्यावहारिक एवं रोजगारोन्मुख बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा इस विषय से जुड़ सकें।
उन्होंने कहा कि मनोविज्ञान विषय में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्षा तथा अन्य क्षेत्रों में रोजगार और सेवा के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। मानव व्यवहार, संज्ञान और संवेग की वैज्ञानिक समझ न केवल व्यक्तित्व एवं जीवन कौशल का विकास करती है, बल्कि व्यक्ति को समाज और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देने योग्य बनाती है।
