Connect with us

भदोही

पश्चिम मोहाल के तीन वार्डों में महीनों से दूषित पेयजल आपूर्ति

Published

on

Loading...
Loading...

सभासद के घर के सामने ही टूटी पड़ी पाइप लाइन, शुद्ध पानी को तरसे लोग

बदबूदार और झागयुक्त पानी से बढ़ा जलजनित बीमारियों का खतरा, नगर पालिका से की गई तत्काल कार्रवाई की मांग

गोपीगंज। नगर के पश्चिम मोहाल क्षेत्र के वार्ड संख्या 9, 10 एवं 24 में पिछले कई महीनों से दूषित पेयजल आपूर्ति की समस्या बनी हुई है। क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि नलों से बदबूदार, झागयुक्त तथा काला-पीला पानी आ रहा है, जो पीने तो दूर नहाने और घरेलू उपयोग के भी योग्य नहीं है।

भीषण गर्मी के बीच शुद्ध पेयजल की समस्या से जूझ रहे सैकड़ों परिवारों को मजबूरी में आरओ का महंगा पानी खरीदना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

क्षतिग्रस्त पाइप लाइन नहीं हुई दुरुस्त

Advertisement

पूर्व सभासद संतोष मोदनवाल ने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद गोपीगंज को पत्र देकर समस्या से अवगत कराया है। उन्होंने बताया कि वार्ड संख्या 24 में वर्तमान सभासद के आवास के ठीक सामने पेयजल की मुख्य पाइप लाइन क्षतिग्रस्त एवं लिंकेज विहीन अवस्था में पड़ी हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि वार्डवासियों द्वारा कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद नगर पालिका की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

जलजनित बीमारियों का बढ़ा खतरा

दूषित पानी की आपूर्ति से क्षेत्र में हैजा, पीलिया, उल्टी-दस्त सहित अन्य जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

तत्काल मरम्मत की उठी मांग

Advertisement

पूर्व सभासद ने नगर पालिका प्रशासन से क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की तत्काल मरम्मत कराने तथा आवश्यक लिंकेज कार्य पूरा कर शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।

वार्डवासियों में नाराजगी

क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में पेयजल संकट और अधिक गहरा गया है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। वार्डवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर राहत दिलाने की मांग की है।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page