वाराणसी
नाव पर फोटो खिंचवाना पड़ा भारी, गंगा में डूबकर युवक की मौत
वाराणसी। दशाश्वमेध क्षेत्र के मान मंदिर घाट पर बुधवार देर रात साथियों के साथ काशी आए ग्रेटर नोएडा के 27 वर्षीय युवक की नाव पर फोटो खिंचवाने के दौरान गंगा में डूबने से मौत हो गई। अचानक हुए हादसे से साथियों में हड़कंप मच गया। साथियों ने रात में ही पुलिस व युवक के स्वजन को घटना की जानकारी दे दी।
स्थानीय लोगों ने रात में ही डूबे युवक को खोजने का प्रयास किया, लेकिन नदी में बहाव अधिक होने से उसका पता नहीं चला। सुबह एनडीआरएफ की टीम ने अथक प्रयास के बाद युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। गौतम बुद्ध नगर जनपद के ग्रेटर नोएडा अंतर्गत सुपरटेक इको विलेज-2 निवासी हर्षवर्धन ठाकुर पुत्र संदीप सिंह बुधवार को अपने चार-पांच साथियों के साथ काशी घूमने आए थे। देर रात एक बजे सभी दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के मान मंदिर घाट पहुंचे।
इसके बाद घाट पर सभी नाव पर फोटो खिंचवाने लगे। इसी दौरान हर्षवर्धन ठाकुर का संतुलन बिगड़ गया और वह गंगा नदी में गिरकर डूबने लगा। जब तक सभी साथी शोर मचाते, तब तक वह पानी के तेज बहाव में डूब चुका था। स्थानीय लोगों ने उसे खोजने का प्रयास किया, लेकिन गंगा में अधिक बहाव और अंधेरा होने के कारण उसका पता नहीं चल सका। सूचना पर दशाश्वमेध पुलिस और जल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और रात में ही तलाश शुरू कर दी।

गुरुवार सुबह एनडीआरएफ की टीम भी खोजबीन में शामिल हुई। कई घंटों की मशक्कत के बाद एनडीआरएफ, जल पुलिस और दशाश्वमेध पुलिस की संयुक्त टीम ने शव को गंगा से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया।
अन्य साथियों में जौनपुर जनपद के सिकरारा थाना अंतर्गत सेवरा निवासी कुशाग्र सिंह, गौतम बुद्ध नगर के सुपरटेक इको विलेज-2 निवासी दुर्गेश रुद्र प्रताप सिंह, नोएडा के परथला खेजपुर निवासी विपुल कुमार, नई दिल्ली के त्रिलोकपुरी ब्लॉक-13 के हाउस नंबर 316 निवासी जीत सिंह तथा नोएडा के सेक्टर-122 अंतर्गत परथला खंजरपुर निवासी ललित कुमार शामिल हैं।
