बलिया
नगरा-सिकंदरपुर मार्ग पर अज्ञात वृद्ध का शव मिलने से सनसनी
महुवारी के समीप खेत में पड़ा मिला 65 वर्षीय वृद्ध का शव, पुलिस शिनाख्त में जुटी
नगरा (बलिया)। नगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगरा-सिकंदरपुर मार्ग पर डुमाडार स्थित महुवारी के समीप शनिवार दोपहर एक अज्ञात वृद्ध का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर एक किसान अपने खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान उसकी नजर महुवारी के पास पड़े एक शव पर पड़ी। किसान ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को जानकारी दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना नगरा पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के गांवों में जानकारी जुटा रही है।
थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 65 वर्ष है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
