गाजीपुर
नंदगंज रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहा ओवरब्रिज प्रगति पर, जाम से मिलेगी राहत
नंदगंज (गाजीपुर) जयदेश। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम द्वारा लगभग 47 करोड़ रुपये की लागत से नंदगंज के पश्चिम रेलवे क्रॉसिंग पर बनाए जा रहें ओवरब्रिज का निर्माण कार्य अब तेज़ी से हो रहा है। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
जानकारी के अनुसार ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पिछले वर्ष अप्रैल माह में शुरू किया गया था। शुरुआती दौर में निर्माण की रफ्तार काफी धीमी रही,और कुछ माह के लिये तो काम भी बन्द हो गया था। जिससे क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाएं भी होने लगी थी।जिससे बाजार तथा क्षेत्र के लोगों में निर्माण कार्य को लेकर असमंजस लगने लगा था। हालांकि, दिसंबर 2025 से दुबारा कार्य शुरू होने पर उल्लेखनीय तेजी आई है। जिसके चलते अब निर्माण कार्य स्पष्ट रूप से आगे बढ़ता नजर आ रहा है।

इस समय निर्माण की वर्तमान स्थिति पर नजर डालें तो रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर कुल 15 पिलर बनकर तैयार हो चुके हैं। इसके अलावा क्रॉसिंग के पूरब दिशा में 4-5 पिलरों पर बीम की ढ़लाई का कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीं 6वें पिलर पर सेंट्रिंग और बीम ढलाई का कार्य तेजी से जारी है। कार्यस्थल पर मशीनों और श्रमिकों की संख्या बढ़ने से निर्माण गति में और सुधार आया है।
उल्लेखनीय है कि नंदगंज के पच्छिमी रेलवे क्रॉसिंग पर ज्यादा ट्रेन व मालगाड़ियों के आवागमन से अक्सर लंबा जाम लग जाता है। जिससे लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। फलस्वरूप स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरी पेशा लोगों और व्यापारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में ओवरब्रिज का निर्माण सभी लिए एक बड़ी राहत साबित होगा।
क्षेत्र के लोगों ने उम्मीद जताई है कि यदि इसी गति से निर्माण कार्य चलता रहा, तो ओवरब्रिज जल्द ही बनकर तैयार हो जाएगा और नंदगंज क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम हो जाएगी।
