गाजीपुर
बाइक सवार की ट्रक से कुचलकर मौत
फूलवारी सैदपुर गांव में शोक की लहर
खानपुर (गाजीपुर) जयदेश। फूलवारी सैदपुर गांव निवासी गुलाब चंद्र यादव की NH-31 पर गोपालपुर के पास एक सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वे अपनी मोटरसाइकिल से सिधौना में सबमर्सिबल रिपेयरिंग के लिए जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, रास्ते में उनकी बाइक एक एंबुलेंस से टकरा गई, जिससे वे असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

गुलाब चंद्र यादव स्वर्गीय अय्यू यादव के पुत्र थे। उनके परिवार में दो पुत्र सोनू और मोनू तथा एक बेटी संजू हैं। घटना की खबर जैसे ही फूलवारी गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलने पर सिधौना पुलिस कांस्टेबल राकेश पाल के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पुलिस ने बाधित यातायात को सामान्य कराया और शव को सिधौना चौकी ले आई। पंचनामा की कार्रवाई के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। इस दौरान समाजसेवी आनंद यादव सहित स्थानीय लोगों ने पुलिस का सहयोग किया।
