वाराणसी
झंडा विवाद पर भड़की हिंसा, पथराव के बाद पांच थानों की फोर्स तैनात
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के नेहिया गांव में पोस्टर और झंडे को लेकर शुरू हुआ विवाद शुक्रवार को हिंसक झड़प में बदल गया। मिली जानकारी के मुताबिक दो संगठनों के बीच हुए टकराव में जमकर पथराव हुआ, जिसमें एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना घायल हो गए। उनके सिर में चोट आने के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इस घटना में एक दरोगा सहित दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

घटना के बाद हालात को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पांच थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। घटनास्थल पर डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार, लालपुर पांडेयपुर और सारनाथ थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। वहीं सूचना मिलते ही एसडीएम पिंडरा और तहसीलदार पिंडरा कुलवंत सिंह के साथ एडिशनल सीपी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल को अम्बेडकर जयंती के अवसर पर गांव स्थित भैरव बटुक धाम जाने वाले गेट पर अम्बेडकर का झंडा लगाया गया था। आरोप है कि बाद में कुछ अराजकतत्वों ने झंडे को फाड़कर जला दिया। इसकी सूचना मिलने पर भीम आर्मी के कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया। इसी दौरान हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए, जिससे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया था, लेकिन शुक्रवार को एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद पथराव की घटना हुई।
