वाराणसी
जमीन दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, दंपती के खिलाफ केस दर्ज
वाराणसी। जमीन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी के मामले में कैंट थाने में एक दंपती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। ताजपुर निवासी पीड़ित हरिवंश मिश्र ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वर्ष 2021 में चोलापुर क्षेत्र के निवासी सिंटू मौर्य ने उनसे संपर्क कर अपनी पत्नी संगीता मौर्य के नाम गाजीपुर के खानपुर क्षेत्र में जमीन दिलाने का प्रस्ताव रखा था।
पीड़ित के अनुसार, तय सौदे के तहत आरोपी पक्ष ने उनसे 3 लाख रुपये बैंक खाते के माध्यम से ट्रांसफर कराए, जबकि 2.65 लाख रुपये नकद लिए गए। इसके बावजूद जमीन का बैनामा नहीं कराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि 11 फरवरी 2025 को रुपये वापस मांगने के लिए संपर्क करने पर सिंटू मौर्य ने फोन पर गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने साजिश के तहत कुल 5.65 लाख रुपये हड़प लिए। इस संबंध में कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि सिंटू मौर्य और संगीता मौर्य के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है।
