जौनपुर
जंघई जंक्शन पर बम की सूचना से मचा हड़कंप, दो घंटे चला सर्च ऑपरेशन
ट्रॉली बैग में विस्फोटक होने की मिली थी सूचना, तलाशी में नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान
आरपीएफ, जीआरपी और पुलिस ने संभाला मोर्चा, फर्जी कॉल करने वाले की तलाश शुरू
जौनपुर। जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह ट्रॉली बैग में बम होने की सूचना मिलने से रेलवे और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और मीरगंज थाना पुलिस ने स्टेशन पहुंचकर सुरक्षा घेरा बना लिया और करीब दो घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 6:20 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने जीआरपी को फोन कर सूचना दी कि प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर रखे एक ट्रॉली बैग में बम है और उसमें से आवाज आ रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए रेलवे कंट्रोल रूम को अलर्ट किया गया।
इसके बाद आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष अरविंद सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने प्लेटफॉर्म नंबर-1 से लेकर प्लेटफॉर्म नंबर-5 तक, यात्रियों के सामान और स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया की गहन जांच की।
तलाशी अभियान के दौरान स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई, जिससे यात्रियों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा। करीब दो घंटे की जांच के बाद भी कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
एहतियात के तौर पर प्रयागराज से बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया है, जिससे स्टेशन की दोबारा जांच कराई जा सके।
थानाध्यक्ष अरविंद सिंह ने बताया कि सूचना को गंभीरता से लेते हुए पूरे स्टेशन परिसर की जांच कराई गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। उन्होंने कहा कि फर्जी सूचना देने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान की जा रही है और उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
