गोरखपुर
छात्रा से अश्लील बातचीत के वायरल ऑडियो मामले में मुकदमा दर्ज, आरोपी की तलाश तेज
पीड़िता की तहरीर पर पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में केस, गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित
गोलाबाजार, गोरखपुर। गोला क्षेत्र के एक निजी विद्यालय के प्रबंधक पुत्र और वहां पढ़ने वाली छात्रा के बीच कथित अश्लील बातचीत का ऑडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर गोला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(2), 75, 351(2), पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

29 सेकेंड का ऑडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर करीब 29 सेकेंड का एक ऑडियो वायरल हुआ था। इसमें एक आवाज विद्यालय के प्रबंधक पुत्र प्रतीक तिवारी की और दूसरी आवाज उसी विद्यालय की छात्रा की होने का दावा किया जा रहा है। वायरल ऑडियो में छात्रा को पढ़ाई और भविष्य बनाने का लालच देकर कथित रूप से आपत्तिजनक मांग किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, वायरल ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
ऑडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों ने किया विद्यालय का घेराव
ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गरमा गया। आक्रोशित ग्रामीण विद्यालय परिसर पहुंच गए और घेराव किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
पीड़िता की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस के अनुसार, वायरल ऑडियो से संबंधित तहरीर मिलने के बाद मामले में सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब ऑडियो की सत्यता, बातचीत में शामिल लोगों और पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित
क्षेत्राधिकारी गोला दरवेश कुमार के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
साक्ष्यों के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
