गोरखपुर
एमसीए पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन पर्व
छात्राओं ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी, बच्चों ने साझा की त्योहार की खुशियां
गोलाबाजार, गोरखपुर। उपनगर स्थित एमसीए पब्लिक स्कूल के प्रांगण में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की निदेशिका रत्ना सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने रक्षाबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भाई-बहन के पवित्र प्रेम और अटूट रिश्ते को प्रस्तुत किया।
भाइयों की कलाई पर बांधी राखी
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उनके सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं छात्रों ने भी अपनी बहनों की रक्षा और सम्मान करने का संकल्प लिया। बच्चों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं।
पर्व ने दिया प्रेम और सम्मान का संदेश
विद्यालय परिसर में पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्सव जैसा माहौल बना रहा। मुख्य सेवक प्रदीप सिंह ने बच्चों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा की भावना का प्रतीक है। उन्होंने बच्चों से रिश्तों की गरिमा बनाए रखने और एक-दूसरे के प्रति सदैव सम्मान की भावना रखने का आह्वान किया।
शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यालय परिवार ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए रक्षाबंधन पर्व को प्रेम, सामाजिक सौहार्द और भाईचारे के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
