गोरखपुर
गोरखपुर दौरे के दूसरे दिन सीएम योगी का जनता दर्शन, फरियादियों की सुनी समस्याएं
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर दौरे के दूसरे दिन शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में उनकी दिनचर्या की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और इसके बाद गौशाला पहुंचकर गायों की सेवा की। उन्होंने गायों को रोटी खिलाई और कुछ समय गौशाला में बिताया।
इसके बाद मुख्यमंत्री जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचे। यहां गोरखपुर के साथ-साथ आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फरियादियों के पास जाकर उनकी समस्याएं बारी-बारी से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान लोगों ने जमीन, पुलिस, राजस्व, इलाज, आर्थिक सहायता समेत विभिन्न मामलों से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उसका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। उन्होंने अधिकारियों से जनशिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और तत्परता बरतने को कहा।
जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और शिकायतों के समाधान की प्रभावी निगरानी की जाए।
