जौनपुर
गुरैनी की लुईज़ा सिद्दीकी ने NEET UG 2026 में लहराया परचम
559 अंक और 98.45 पर्सेंटाइल के साथ जिले का बढ़ाया मान, स्व-अध्ययन से हासिल की सफलता
जौनपुर। मानीकलां क्षेत्र के गुरैनी गांव की प्रतिभाशाली छात्रा लुईज़ा सिद्दीकी ने NEET UG 2026 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने 720 में से 559 अंक प्राप्त करते हुए 98.45 पर्सेंटाइल हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
लुईज़ा, मोहम्मद साकिब सिद्दीकी की पुत्री हैं। उन्होंने इंटरमीडिएट की पढ़ाई ग्लोबल इंटरनेशनल कॉलेज, भिवंडी से पूरी की। उनकी सफलता की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने किसी कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया, बल्कि घर पर रहकर नियमित स्व-अध्ययन के माध्यम से परीक्षा की तैयारी की। दूसरे प्रयास में मिली यह सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिणाम मानी जा रही है।
परिजनों और क्षेत्रवासियों ने दी बधाई
परिणाम घोषित होने के बाद परिजनों, शिक्षकों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने लुईज़ा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीणों ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से बड़ी से बड़ी सफलता प्राप्त की जा सकती है।
युवाओं के लिए बनी प्रेरणा
परिजनों ने विश्वास जताया कि लुईज़ा आगे चलकर एक कुशल चिकित्सक बनेंगी और समाज की सेवा करते हुए जौनपुर तथा देश का नाम रोशन करेंगी। उनकी सफलता उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है, जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
