वाराणसी
गिट्टी लदे ट्रक की चपेट में आने से खलासी की मौत
वाराणसी। जिले के चौबेपुर क्षेत्र के संदहा चिरईगांव ओवरब्रिज के नीचे शनिवार सुबह करीब छह बजे गिट्टी लदे ट्रक की चपेट में आने से खलासी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब सोनभद्र से गिट्टी लादकर आ रहे ट्रक को चालक पीछे की ओर ले जा रहा था और इसी दौरान खलासी उसकी जद में आ गया।
मृतक की पहचान परमेश्वर (30) पुत्र निवासी ग्राम पैडे, थाना घोरावल, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर व चौकी प्रभारी चिरईगांव ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी ट्रक मालिक को दे दी गई है, जबकि मृतक के परिजन भी सूचना मिलने के बाद घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक रहने की आवश्यकता है।
