Connect with us

गाजीपुर

गहमर तिहरे हत्याकांड के तीन आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) की कार्रवाई

Published

on

Loading...
Loading...

लोक व्यवस्था प्रभावित होने का हवाला देते हुए पुलिस ने की सख्त कार्रवाई

गाजीपुर, 30 जून | थाना गहमर क्षेत्र में वर्ष 2025 के चर्चित तिहरे हत्याकांड के तीन आरोपियों के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की गतिविधियों से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा प्रभावित हुई थी।

24 दिसंबर 2025 को हुआ था तिहरा हत्याकांड

पुलिस के अनुसार, 24 दिसंबर 2025 को थाना गहमर क्षेत्र के गहमर पट्टी खेलू राय स्थित एक तालाब के पास विक्की सिंह, सौरभ सिंह और अंकित सिंह की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कई आरोपियों को अलग-अलग समय पर गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया, जबकि कुछ आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था।

तीन आरोपियों पर एनएसए की कार्रवाई

Advertisement

पुलिस ने बताया कि 15 जून 2026 को आरोपी लखन उर्फ विकास सिंह के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई थी।

इसके बाद 29 जून 2026 को आरोपी अरविंद सिंह उर्फ भदाकू तथा अमन सिंह के विरुद्ध भी राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम की धारा 3(2) के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने बताया, घटना से प्रभावित हुई थी कानून-व्यवस्था

पुलिस के मुताबिक, तिहरे हत्याकांड के बाद गहमर क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बन गया था। स्थानीय व्यापार, स्कूल-कॉलेज और सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ था। पीड़ित परिवारों द्वारा लगातार सुरक्षा की मांग किए जाने पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई तथा लगातार गश्त कर शांति व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया गया।

शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया कदम

Advertisement

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आमजन में सुरक्षा की भावना कायम रखने और लोक व्यवस्था को प्रभावित होने से रोकने के उद्देश्य से संबंधित आरोपियों के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page