गाजीपुर
कृष्णा कोचिंग सेंटर की मार्गदर्शन में आर्यन ने रचा सफलता का इतिहास
संघर्ष के बीच चमकी प्रतिभा, आर्यन ने बढ़ाया गाजीपुर का मान
गाजीपुर (जयदेश)। नगर सैदपुर के मुहल्ला पश्चिम बाजार निवासी अनिल प्रजापति के पुत्र आर्यन प्रजापति ने यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में 94% अंक प्राप्त कर पूरे नगर का नाम रोशन किया है। नगर की सामाजिक संस्था राइजिंग यूथ ट्रस्ट ने रविवार को कृष्णा कोचिंग सेंटर में आयोजित समारोह में हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट की परीक्षा में अच्छे अंक लाने वाले अन्य विद्यार्थियों के साथ आर्यन प्रजापति को सम्मानित किया।
इस अवसर पर राइजिंग यूथ ट्रस्ट के वरिष्ठ सदस्य डॉ. केजी मिश्रा ने विद्यार्थियों को मेडल व कलम भेंट किया। कृष्णा कोचिंग सेंटर के संचालक अध्यापक कृष्ण कन्हैया श्रीवास्तव ने बताया कि आर्यन के पिता मजदूरी करते हैं। पिछले वर्ष उसकी मां बीमार पड़ गई और आर्थिक तंगी में आर्यन पढ़ाई नहीं कर पा रहा था, तब कृष्णा कोचिंग सेंटर ने आर्यन की पढ़ाई का जिम्मा उठाया और विषम परिस्थितियों से गुजर कर आर्यन ने 94% अंक प्राप्त कर अपने माता-पिता के साथ हम सभी को गौरवान्वित किया है। साथ ही हाईस्कूल के एक विद्यार्थी राधे विश्वकर्मा की भी तारीफ की जिसने गणित में सौ में सौ अंक के साथ कुल 91% अंक प्राप्त किया।
डॉ. केजी मिश्रा ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी और आर्यन प्रजापति के लिए इण्टरमीडिएट के सभी किताबों का खर्चा उठाने का संकल्प लिया। समारोह में कोचिंग के अध्यापक ऋषभ शर्मा, विद्या, रोजी बानो के साथ-साथ राइजिंग यूथ ट्रस्ट के सदस्य मनीष पाण्डेय ने सहभाग किया। संचालन राइजिंग यूथ ट्रस्ट के अध्यक्ष अवनीश चौबे एडवोकेट ने किया।
