गाजीपुर
नंदगंज स्टेशन पर शौचालय व्यवस्था ध्वस्त, यात्रियों को हो रही दिक्कतें
दिव्यांगों के शौचालय का भी दरवाजा टूटा
नंदगंज (गाजीपुर) जयदेश। औड़िहार–गाजीपुर रेल खंड पर स्थित नंदगंज रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मूलभूत सुविधाओं के अभाव का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन पर दिव्यांगजनों के लिए बनाए गए एकमात्र शौचालय का दरवाजा भी करीब दस पन्द्रह दिन पूर्व अज्ञात लोगों द्वारा तोड़ दिया गया। जिसके कारण यह शौचालय पूरी तरह अनुपयोगी हो गया है।bस्थिति यह है कि तीनों प्लेटफार्म पर आमजन यात्रियों के लिए कोई अन्य शौचालय उपलब्ध ही नहीं है।
रेलवे स्टेशन के तीनों प्लेटफार्म पर यही एकमात्र शौचालय था। दरवाजा टूटने के बाद अब स्टेशन पूरी तरह शौचालय विहीन हो गया है। जिससे यात्रियों, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय तक ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों को मजबूरी में इधर-उधर भटकना पड़ता है। शौचालय नहीं होने से महिलाओं को ज्यादा असुविधा होती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नंदगंज स्टेशन का सौंदर्यीकरण तो किया गया है, लेकिन बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है। प्लेटफार्म एक पर बने शौचालय को प्लेटफार्म की चौड़ाई बढ़ाते समय कई वर्ष पहले उसे तोड़कर हटा दिया गया, लेकिन नया शौचालय आजतक नहीं बना।
दिव्यांगजनों ने रेलवे प्रशासन से जल्द से जल्द शौचालय की मरम्मत कर उसे पुनः चालू कराने की मांग की है। वहीं आमजन यात्रियों ने भी रेलवे प्रशासन से प्लेटफार्म एक पर कम से कम एक शौचालय बनवाने की मांग की है ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।
रेलवे प्रशासन की ओर से टूटे दरवाजे को ठीक कराने तथा यात्रियों के लिए शौचालय बनवाने के संबंध में कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।
