Connect with us

गोरखपुर

कृषि यंत्र व्यापारी के चालक से नौ लाख से अधिक की लूट, बदमाश फरार

Published

on

Loading...
Loading...

एसपी नार्थ ने कहा – “चालक के बयान में विरोधाभास, जांच के कई एंगल पर काम जारी”

गोरखपुर। जिले के चिलुआताल थाना क्षेत्र में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब बाइक और कार सवार बदमाशों ने कृषि यंत्र व्यापारी के चालक से 9.70 लाख रुपये लूट लिए। वारदात चिउटहां पुल के पास हुई, जब व्यापारी का चालक टुन्नू प्रजापति कार से रुपयों से भरा बैग लेकर महराजगंज के फरेंदा जा रहा था। सूचना पर एसपी नार्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज और चिलुआताल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच मव जुट गई।

जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर के व्यापारी आदित्य चौधरी ने बुधवार शाम अपने चालक को मेडिकल कॉलेज रोड स्थित एक परिचित के घर से रुपये लेने भेजा था। चालक ने वहां से करीब 9 लाख 70 हजार रुपये वसूले और अर्टिगा कार से फरेंदा (महराजगंज) की ओर रवाना हुआ। जैसे ही वह चिउटहां पुल के पास पहुंचा, तभी एक कार और एक बाइक पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया।

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने चालक को पहले धमकाया, गाड़ी का दरवाजा खुलवाया और रुपयों से भरा बैग झपटकर फरार हो गए। घटना इतनी तेज़ी से हुई कि चालक कुछ समझ ही नहीं पाया। होश संभालने के बाद उसने तुरंत व्यापारी आदित्य चौधरी को फोन कर पूरी जानकारी दी। इसके बाद व्यापारी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। देर रात तक चिलुआताल पुलिस ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

Advertisement

एसपी नार्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि घटना के विभिन्न एंगल से जांच की जा रही है। चालक से पूछताछ में कुछ संदेहजनक बिंदु भी सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि चालक ने घटना की सूचना देर से दी, जिससे वारदात की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं लूट की यह वारदात किसी अंदरूनी मिलीभगत का नतीजा तो नहीं है।

देर रात तक पुलिस की कई टीमें सक्रिय थीं और आसपास के मार्गों पर गहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस सनसनीखेज लूट से व्यापारियों में दहशत है, वहीं पुलिस पर जल्द खुलासा करने का दबाव बढ़ गया है।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page