Connect with us

गाजीपुर

कूड़े के ढेर में दफनाये जा रहे मृत गौवंश

Published

on

Loading...
Loading...


जमानियां (गाजीपुर) जयदेश। जिले के जमानियां से एक चौंकाने वाली खबर सामने आयी है, जहां सरकार की गौवंश सुरक्षा योजना की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। काशीराम आवास के समीप स्थित कान्हा गौशाला में मृत गौवंशों को रात के अंधेरे में कूड़े के ढेर में दफनाया जा रहा है। यह मामला गौवंश सुरक्षा की सरकारी योजनाओं की विफलता को दर्शाता है।

कान्हा गौशाला, जिसे बेसहारा गौवंशों की देखरेख और संरक्षण के लिए स्थापित किया गया था, अब मौत का अड्डा बनती जा रही है। प्रतिदिन कई गौवंशों की मौत हो रही है और उन्हें सम्मानजनक अंतिम संस्कार देने के बजाय कूड़े के ढेर में दफनाया जा रहा है। इस शर्मनाक कृत्य को छिपाने के लिए कर्मचारियों द्वारा रात के अंधेरे में जेसीबी मशीन की मदद से इन मृत गौवंशों को लाकर कचरे में डाल दिया जाता है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कान्हा गौशाला के समीप का यह स्थान अब कूड़े का ढेर नहीं, बल्कि गौवंशों का कब्रगाह बन चुका है। इससे साफ जाहिर होता है कि संबंधित अधिकारी इस पूरे मामले में बेपरवाह बने हुए हैं और सरकार की गौवंश संरक्षण योजना दम तोड़ती नजर आ रही है।

Advertisement

जब इस गंभीर मुद्दे पर नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी संतोष कुमार से बात की गई तो उन्होंने इस मामले में संज्ञान लेने की बात कही। उन्होंने आश्वासन दिया कि गौवंशों की ऐसी दुर्दशा नहीं होने दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

योगी सरकार द्वारा गौवंश सुरक्षा के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे उलट दिखाई दे रही है। कान्हा गौशाला में लगातार हो रही गौवंशों की मौत और फिर उनके इस तरह निपटान से यह साफ हो जाता है कि प्रशासनिक स्तर पर भारी लापरवाही बरती जा रही है। अब देखना यह होगा कि इस अमानवीय कृत्य के खिलाफ प्रशासन क्या ठोस कदम उठाता है।


Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page