वाराणसी
अजय राय के लिए काशी में दुआओं का दौर, समर्थकों ने किया हवन
वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व विधायक अजय राय की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार को एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सीने में दर्द और बेचैनी की शिकायत की थी। उनके अस्वस्थ होने की खबर मिलते ही राजनीतिक हलकों में चिंता फैल गई, वहीं वाराणसी में समर्थकों के बीच दुआओं और प्रार्थनाओं का दौर शुरू हो गया।
अजय राय के स्वास्थ्य को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने लिखा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के अस्वस्थ होने की जानकारी मिली है और वे उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अजय राय के अस्वस्थ होने की खबर से वे चिंतित हैं और उनके जल्द स्वस्थ होकर पुनः जनसेवा में सक्रिय होने की उम्मीद करते हैं।
इधर, अजय राय के पैतृक शहर वाराणसी में उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। चेतगंज स्थित माता शक्ति के दरबार में सामाजिक कार्यकर्ता शुभम सेठ “गोलू” के नेतृत्व में हवन-पूजन का आयोजन हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। शुभम सेठ “गोलू” ने कहा कि अजय राय हमेशा काशीवासियों के सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं और आज पूरा शहर उनके स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कर रहा है। कार्यक्रम में प्रदीप कनौजिया, रवि अग्रहरि, पिंटू बाबा और मलिक चंद्र सहित कई लोग शामिल हुए।
उल्लेखनीय है कि अजय राय पिछले तीन लोकसभा चुनावों—2014, 2019 और 2024—में वाराणसी सीट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव मैदान में रहे हैं। वर्ष 2024 के चुनाव में उन्होंने कड़ी टक्कर दी थी, जहां हार का अंतर लगभग 1.52 लाख वोटों का रहा। पूर्व में तीखी राजनीतिक बयानबाजी के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी के इस संदेश को सोशल मीडिया पर राजनीतिक शिष्टाचार के उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है।
फिलहाल मेदांता अस्पताल के चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को उनके जल्द स्वस्थ होकर सार्वजनिक जीवन में वापसी की उम्मीद है।
