गोरखपुर
अंशिका सिंह गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, थार चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर। दिल्ली से चोरी की गई थार गाड़ी को फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलाने के मामले में खोराबार पुलिस ने शुक्रवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पकड़ा गया आरोपी देवेंद्र रावत अंशिका सिंह गिरोह का सदस्य बताया जा रहा है और गैंग्स्टर एक्ट में वांछित था। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
सीओ कैंट अरुण कुमार एस के अनुसार, 12 अक्टूबर 2025 को खोराबार पुलिस ने कुसम्ही जंगल क्षेत्र में दिल्ली से चोरी की गई थार गाड़ी को फर्जी नंबर प्लेट के साथ पकड़ा था। जांच के दौरान इस मामले में अंशिका सिंह के साथ पीपीगंज क्षेत्र के साहबगंज बापू नगर वार्ड चार निवासी देवेंद्र कुमार रावत उर्फ सोनू का नाम सामने आया था। उस समय पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन बाद में वह जमानत पर रिहा हो गया था। अब उसी प्रकरण में उसके खिलाफ गैंग्स्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। अंशिका सिंह समेत गिरोह के चार अन्य सदस्य पहले से ही जेल में बंद हैं।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह रंगदारी वसूली और फायरिंग जैसी घटनाओं में भी शामिल रहा है। आरोप है कि अंशिका सिंह ने रंगदारी न मिलने पर सिंघड़िया मॉडल शॉप के पास एक अस्पताल प्रबंधक पर फायरिंग कराई थी, जिसमें चालक अमिताभ निषाद गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस मामले में कैंट पुलिस ने हत्या के प्रयास, रंगदारी, मारपीट और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अंशिका सिंह और उसके सहयोगियों को जेल भेजा था। जांच में यह भी सामने आया था कि गिरोह संगठित तरीके से आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता था, जिसके आधार पर थार चोरी प्रकरण में गैंग्स्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
