वाराणसी
अंतरजनपदीय तस्कर गिरफ्तार, 88 किलो गांजा बरामद
वाराणसी। पुलिस उपायुक्त अपराध एवं अपर पुलिस उपायुक्त अपराध के निर्देशन में बुधवार को थाना लालपुर-पाण्डेयपुर और एसओजी की संयुक्त टीम ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पहड़िया मंडी क्षेत्र से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 56 पैकेट में कुल 88 किलोग्राम गांजा तथा एक बोलेरो वाहन बरामद किया।
प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना लालपुर-पाण्डेयपुर पुलिस और एसओजी टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। सूचना मिली थी कि पहड़िया मंडी में एक व्यक्ति वाहन से भारी मात्रा में गांजा लाकर बिक्री की तैयारी में है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी, जहां से अभियुक्त कपिलदेव सिंह (पुत्र बृजेन्द्र सिंह निवासी रसूलपुर थाना शिकारपुर, बुलन्दशहर, वर्तमान पता मकान संख्या 120, प्रथम तल, डी ब्लॉक, गुरुद्वारा के पास जे.जे. नगर कॉलोनी, नेहरू विहार तिमारपुर, उत्तरी दिल्ली, उम्र लगभग 46 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त के पास से 56 पैकेट में 88 किलोग्राम अवैध गांजा, 200 रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, निर्वाचन कार्ड, एक वीवो मोबाइल फोन तथा बोलेरो वाहन संख्या JH10 BJ 7297 बरामद हुआ। यह गिरफ्तारी पहड़िया मंडी के गेट नंबर 01 से सीआरपीएफ कैंप के पीछे थाना लालपुर-पाण्डेयपुर क्षेत्र में की गई।
इस संबंध में थाना लालपुर-पाण्डेयपुर में मुकदमा संख्या 105/2026 धारा 08/20 एनडीपीएस एक्ट तथा धारा 336(3) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र वर्मा द्वारा की जा रही है।
अभियुक्त कपिलदेव सिंह का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध वर्ष 2020 में थाना अहरौरा, मिर्जापुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत तथा वर्ष 2022 में गुण्डा एक्ट के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह के साथ एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक गौरव सिंह, उपनिरीक्षक आयुष पाण्डेय, मुख्य आरक्षी ब्रह्मदेव, मुख्य आरक्षी प्रमोद सिंह, आरक्षी अवनीश पाण्डेय, आलोक मौर्य, दिनेश कुमार एवं अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
