वाराणसी
विश्वनाथ धाम में 37 महीनों में 19 करोड़ श्रद्धालुओं ने किया दर्शन
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद से अब तक 19 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके हैं। कुल 37 महीनों में 19 करोड़ 12 लाख 83 हजार 57 भक्तों ने बाबा दरबार में मत्था टेका। मई 2024 में सबसे ज्यादा 95.63 लाख श्रद्धालु पहुंचे जबकि मई 2023 में सबसे कम 31.55 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।दिसंबर 2024 के पहले 15 दिनों में ही 18.91 लाख भक्तों ने दर्शन कर लिए। आंकड़ों के मुताबिक, 2022 में सबसे ज्यादा सात करोड़ 11 लाख 47 हजार 210 भक्त बाबा के दरबार में पहुंचे।
2023 में यह संख्या घटकर पांच करोड़ 73 लाख 10 हजार 104 रही जबकि 2024 में 15 दिसंबर तक यह आंकड़ा पांच करोड़ 79 लाख 83 हजार 27 तक पहुंच चुका है।13 से 31 दिसंबर 2021 के बीच 48.42 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। मंदिर के एसडीएम शंभू के शरण ने बताया कि दिसंबर 2021 से दिसंबर 2024 तक 37 महीनों में औसतन हर महीने 51.67 लाख और रोजाना 1.74 लाख भक्त दर्शन के लिए पहुंचे। लोकार्पण के बाद से श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।