गोरखपुर
बाहर भूतिया गुफा, अंदर मां दुर्गा का दिव्य दरबा
गोरखपुर के देवी प्रसाद नगर में अनोखा पंडाल बना आकर्षण का केंद्र, डरावनी थीम देखने उमड़ रहे श्रद्धालु
गोरखपुर। शारदीय नवरात्र में मां दुर्गा की भक्ति और आस्था के बीच गोरखपुर के वार्ड नंबर 51 स्थित देवी प्रसाद नगर में एक अनोखा पंडाल लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां मां दुर्गा के दरबार को ‘भूतिया पंडाल’ का रूप दिया गया है। पंडाल की बाहरी बनावट डरावनी गुफा जैसी है, जिसे देखकर लोग रोमांचित हो उठते हैं। वहीं, अंदर प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं को मां दुर्गा के दिव्य दर्शन होते हैं। डर और भक्ति का यह अनूठा संगम लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
डरावनी गुफा के अंदर मां का दरबार
आमतौर पर नवरात्र के दौरान दुर्गा पूजा पंडालों को भव्य और आकर्षक रूप में सजाया जाता है, लेकिन देवी प्रसाद नगर में आयोजकों ने इस बार कुछ अलग करने का प्रयास किया है। पंडाल को बाहर से भूतिया गुफा जैसा बनाया गया है। इसकी अनोखी सजावट लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। अंदर मां दुर्गा के दर्शन कर श्रद्धालु भक्ति और आस्था में लीन हो रहे हैं।

समीर निषाद के विचार ने लिया अनोखा रूप
आयोजन समिति के सदस्य समीर निषाद ने बताया कि उनके मन में इस बार मां दुर्गा का पंडाल अलग अंदाज में तैयार करने का विचार आया था। उनका उद्देश्य नवरात्र के दौरान लोगों को कुछ नया अनुभव देना और पंडाल को विशेष आकर्षण बनाना था। इसी सोच के साथ भूतिया गुफा की थीम पर पंडाल तैयार किया गया।
भक्ति के साथ रोमांच का संगम
नवरात्र के दौरान यह पंडाल अपनी अनूठी सजावट के कारण लोगों का ध्यान खींच रहा है। बाहरी हिस्से का डरावना दृश्य और भीतर मां दुर्गा का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं को एक अलग अनुभव दे रहा है। आयोजकों की रचनात्मक पहल ने नवरात्र उत्सव में रोमांच और भक्ति का अनोखा रंग जोड़ दिया है।
