Connect with us

गाजीपुर

पूर्व जिला पंचायत सदस्य पर फायरिंग, ग्रामीणों ने दो बदमाशों को पकड़ा

Published

on

नंदगंज (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के डिहिया गांव के पास सोमवार रात करीब 9 बजे पूर्व जिला पंचायत सदस्य अरविंद यादव पर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग की। घटना के बाद भाग रहे तीन बदमाशों में से दो को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि एक बदमाश फरार हो गया।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य अरविंद यादव अपने साथियों के साथ एक पार्टी से खाना खाकर बाइक से अपने घर डिहिया लौट रहे थे। जैसे ही वे अपने घर से 500 मीटर दूर एक पंपसेट मशीन के पास पहुंचे, पीछे से तीन बदमाशों ने जानलेवा फायरिंग की। अरविंद यादव की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। भागने के दौरान बदमाशों की बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी, जिससे दो बदमाश पकड़े गए। तीसरा बदमाश भागने में सफल रहा।

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान कठही गांव निवासी राजेश बिंद और भगवानपुर निवासी हरिवंश बिंद के रूप में हुई है। फरार बदमाश की पहचान पिपरही गांव निवासी किशन बिंद के रूप में हुई है।

सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल से पकड़े गए दोनों बदमाशों और उनकी बाइक को कब्जे में ले लिया। पकड़े गए बदमाशों का नंदगंज अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया।

Advertisement

अरविंद यादव ने बताया कि इससे पहले भी 10 जून 2023 को महाराजगंज से घर लौटते समय सहेड़ी शिव शक्ति ढाबा के पास उन पर फायरिंग हुई थी, जिसमें गोली उनके कान को छूकर निकल गई थी। उस घटना में भी फरार किशन बिंद शामिल था।

थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार बदमाश की तलाश में जुटी है और मामले की तहकीकात की जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page