गोरखपुर
ग्रीन चौपाल में रोपे गए पांच पौधे, हरियाली बढ़ाने का लिया संकल्प
परसा उर्फ अगिलगहवा के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में हुआ आयोजन, वनकर्मियों और ग्रामीणों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
गोलाबाजार, गोरखपुर। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार, 9 अक्टूबर को पूर्व माध्यमिक विद्यालय परसा उर्फ अगिलगहवा में ग्रीन चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पांच पौधे रोपे गए। वन विभाग के कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।

पौधों की देखभाल भी जरूरी
वन दरोगा विनय कुमार गौड़ ने कहा कि पेड़-पौधे प्रकृति की अनमोल धरोहर हैं और इनका संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने और पौधों को वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने की अपील की।
ग्रामीणों को किया जागरूक
ग्रीन चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में वन दरोगा विनय कुमार गौड़, वन कांस्टेबल अरविंद, वृक्षारोपण सहकर्मी मुन्नीलाल, प्रधान प्रतिनिधि जाकिर हुसैन, सेक्रेटरी रविंद्र गौड़, ग्राम रोजगार सेवक आशीष मिश्रा और विद्यालय के प्रधानाध्यापक सूर्य प्रताप राय सहित वन विभाग के कर्मचारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
