Connect with us

वाराणसी

Kashi Vishwanath Temple : वीआईपी दर्शन के नाम पर ठगी, 25 दलाल गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर में स्पर्श दर्शन और वीआईपी दर्शन कराने के नाम पर श्रद्धालुओं से ठगी करने वाले 25 दलालों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें चौक थाना पुलिस ने 22 जबकि दशाश्वमेध थाना पुलिस ने 3 आरोपियों को पकड़ा है।

पुलिस ने आरोपियों को मंदिर परिसर, घाटों और आसपास के क्षेत्रों से गिरफ्तार किया। कुछ आरोपी विप्र वेशभूषा में थे, जबकि कुछ सामान्य श्रद्धालु बनकर पर्यटकों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस टीम को देखकर कई आरोपी भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर सभी को दबोच लिया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मंदिर के मुख्य मार्गों और आसपास के इलाकों में पुजारी और श्रद्धालु बनकर घूमते थे। वे दर्शनार्थियों को “स्पर्श दर्शन” और शीघ्र दर्शन कराने का झांसा देकर 500 से 2000 रुपये तक वसूलते थे।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने श्रद्धालुओं को गुमराह कर दर्शन के नाम पर अवैध वसूली करने की बात स्वीकार की है। वहीं, मंदिर परिसर में तैनात कुछ कर्मचारियों की संभावित मिलीभगत की भी चर्चा सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

रविवार को पुलिस ने श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में सुगम और वीआईपी दर्शन के नाम पर अवैध वसूली करने वाले फर्जी पंडा-पुजारियों और दलालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इससे पहले भी पुलिस 21 फर्जी एजेंटों और दलालों को गिरफ्तार कर चुकी है। कुंभ, महाशिवरात्रि और सावन जैसे अवसरों पर भी कई बार कार्रवाई कर ठगों को पकड़ा गया है।

Advertisement

एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि श्रद्धालुओं से दर्शन के नाम पर पैसे मांगने और दुर्व्यवहार की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसके बाद विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें सिविल ड्रेस में महिला और पुरुष कांस्टेबलों को भी शामिल किया गया। अभियान के दौरान चौक थाना क्षेत्र से 22 और दशाश्वमेध थाना क्षेत्र से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page