सियासत
रेखा गुप्ता बनीं दिल्ली की मुख्यमंत्री, प्रवेश वर्मा समेत छः मंत्री बनाये गये
दिल्ली को आज एक नई मुख्यमंत्री मिल गयी। शालीमार बाग से पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। 50 वर्षीय रेखा गुप्ता दिल्ली की 9वीं और चौथी महिला मुख्यमंत्री बनी हैं। उनके साथ 6 मंत्रियों ने भी शपथ ली, जिनमें प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल हैं।
रामलीला मैदान में आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और 21 बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री मौजूद रहे। हालांकि, आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल और पूर्व मंत्री आतिशी इस समारोह में शामिल नहीं हुए।
रेखा गुप्ता ने शपथ से पहले मीडिया से कहा कि वह “शीशमहल” में नहीं रहेंगी। यह बयान अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक आवास को लेकर बीजेपी द्वारा किए गए “शीशमहल” वाले आरोपों के संदर्भ में दिया गया।
दिल्ली की नई कैबिनेट आज शाम 6 बजे वासुदेव घाट पर यमुना आरती में शामिल होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके मंत्री विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। साथ ही, उन्होंने ऐलान किया कि 8 मार्च तक महिलाओं के खातों में 2,500 रुपये की सहायता राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी।
रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही दिल्ली में बीजेपी ने 27 साल बाद सत्ता में वापसी की है। विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी को भारी नुकसान हुआ और कांग्रेस लगातार तीसरी बार शून्य पर सिमट गई। अब सभी की नजरें नई सरकार की आगामी नीतियों और योजनाओं पर टिकी हैं।