चन्दौली
चिकित्सक के अभाव में बंद पड़ा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित
सकलडीहा (चंदौली) जयदेश। केंद्र सरकार की योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बनाए गए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। लेकिन चंदौली जिले के बरहनी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा पौनी में स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर कई महीनों से चिकित्सक के अभाव में बंद पड़ा है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह बाधित हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि चिकित्सक की नियुक्ति न होने के कारण सेंटर बंद पड़ा है। इसके चलते लोगों को मजबूरी में झोलाछाप डॉक्टरों से इलाज कराना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने इस समस्या के समाधान के लिए प्रशासन से कई बार गुहार लगाई है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इस मामले पर बरहनी सीएचसी के अधीक्षक डॉ. शैलेश कुमार ने बताया कि सेंटर में तैनात महिला सीएचओ ने त्यागपत्र दे दिया है, जिसके कारण यह बंद है। इस समस्या के समाधान के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) चंदौली को सूचित किया जा चुका है।
वहीं, जब इस मुद्दे पर सीएमओ चंदौली से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द सेंटर को सुचारू रूप से चालू करने की मांग की है ताकि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं गांव में ही मिल सकें।
