चन्दौली
“बालिका इंटर कालेज में विज्ञान की मान्यता से बेटियों का भविष्य होगा उज्ज्वल” : दर्शना
‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को मिलेगा बल
लखनऊ/चंदौली (जयदेश)। राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने शुक्रवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान सांसद ने अपने संसदीय क्षेत्र चंदौली के जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज में विज्ञान वर्ग की शिक्षा की मान्यता दिलाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की। इसके साथ ही जिले में सड़क विकास और अन्य आवश्यक मुद्दों पर भी मुख्यमंत्री से विस्तार से बातचीत की।
मुख्यमंत्री ने दिया आश्वासन
सांसद दर्शना सिंह ने मुख्यमंत्री को चंदौली की शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज में विज्ञान वर्ग की मान्यता की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सांसद द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए समाधान का आश्वासन दिया।
65 वर्षों से शिक्षा में सक्रिय है कॉलेज
चंदौली जिला मुख्यालय स्थित जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज पिछले 65 वर्षों से बालिका शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाए हुए है। वर्तमान में इस विद्यालय में इंटरमीडिएट स्तर तक लगभग 800 छात्राएं शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। हालांकि, विज्ञान वर्ग की मान्यता न होने के कारण छात्राओं को इस क्षेत्र में आगे बढ़ने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को मिलेगा बल
सांसद दर्शना सिंह की इस पहल से अगर विज्ञान वर्ग की मान्यता मिलती है, तो यह क्षेत्र की छात्राओं के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। यह कदम न केवल ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को नई दिशा देगा, बल्कि महिलाओं की सशक्त भागीदारी को भी मजबूत करेगा।
चंदौली की बेटियां शिक्षा में कर रहीं हैं प्रगति
जिले की बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रही हैं। हाल ही में बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज के पहले सत्र में जिले की दो बेटियों ने प्रवेश लिया। वहीं, पिछले वर्ष चंदौली की एक बेटी ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास कर आईपीएस अधिकारी बनने का गौरव प्राप्त किया।
सामाजिक और शैक्षणिक विकास की दिशा में बड़ा कदम
जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज में विज्ञान वर्ग की मान्यता मिलने से छात्राओं को विज्ञान के क्षेत्र में भी शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। यह कदम समाज में महिला सशक्तिकरण और बालिका शिक्षा को नई ऊंचाईयों पर ले जाएगा। सांसद दर्शना सिंह का यह प्रयास बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सार्थक पहल माना जा रहा है।
