Connect with us

मिर्ज़ापुर

दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया गंगा स्नान और मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन

Published

on

मकर संक्रांति पर प्रशासनिक व्यवस्थाएं रहीं चुस्त-दुरुस्त

मीरजापुर। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर मीरजापुर के मां विंध्यवासिनी धाम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने गंगा घाटों और मां विंध्यवासिनी मंदिर में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने पुरानी वीआईपी से इंट्रेंस प्लाजा और विंध्य कॉरिडोर में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में लगाए गए विद्युत तापन मशीनों (हीटर) की स्थिति देखी, जो सुचारू रूप से कार्यरत पाई गईं। उन्होंने कार्यदाई संस्था को निर्देश दिया कि विंध्य कॉरिडोर पर आकर्षक पत्थरों से बनी सीटें और गमले लगाए जाएं। गमलों में सुगंधित पौधों को लगाने पर विशेष जोर दिया गया।

Advertisement

श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान:
जिलाधिकारी ने बताया कि मकर संक्रांति को देखते हुए गंगा घाटों और मंदिर की ओर जाने वाली गलियों में विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और मार्गदर्शन की सुविधाएं भी उपलब्ध रहीं।

विंध्य कॉरिडोर और प्रशासनिक भवन के कार्य तेज करने के निर्देश:
जिलाधिकारी ने विंध्य कॉरिडोर के परिक्रमा पथ पर बेहतर व्यवस्थाओं के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंदिर के गेट और मुख्य स्थानों पर भव्य गमलों की व्यवस्था की जाए। साथ ही, पुरानी वीआईपी प्रशासनिक भवन के कार्य में तेजी लाने के आदेश दिए।


पत्रकारों से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ के मद्देनजर घाटों, गलियों और मां विंध्यवासिनी मंदिर में सुविधाओं को और बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Advertisement


निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल, नगर मजिस्ट्रेट लाल बहादुर सिंह, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका मीरजापुर लाल, उप जिलाधिकारी सदर गुलाब चंद और सुरक्षा प्रभारी राजेश कुमार मिश्र भी मौजूद रहे।

विशेष व्यवस्थाओं से श्रद्धालु संतुष्ट:
गंगा स्नान और मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की। इस मकर संक्रांति पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद मंदिर और घाटों पर शांति और सुव्यवस्था बनी रही।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page