वाराणसी
बातों में उलझाकर ले भागे मोबाइल, खाते से निकाले एक लाख रुपये
वाराणसी। आगरा के शाहदरा चुंगी, नुनिहाई रोड निवासी रघुवीर सिंह बघेल को सिटी रेलवे स्टेशन पर ठगी का शिकार होना पड़ा। ठगों ने पहले बातचीत में उलझाया, फिर उनका मोबाइल लेकर भाग गए और खाते से 1.3 लाख रुपये उड़ा लिए।
घटना 24 नवंबर की है, लेकिन पुलिस के संज्ञान में मामला अब जाकर आया। रघुवीर सिंह आगरा जाने के लिए सिटी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे थे। इसी दौरान, दो युवक उनके पास आए और बातचीत के दौरान उनका मोबाइल फोन पासवर्ड देख लिया। युवकों ने रघुवीर से टिकट के लिए पैसे न होने की बात कही और उनसे मदद मांगने लगे। बातों में उलझाकर ठगों ने उनका मोबाइल फोन लिया और फरार हो गए।
कुछ देर बाद रघुवीर को पता चला कि उनके खाते से 1 लाख 3 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। घटना के संबंध में रघुवीर ने जैतपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
